
जयपुरबेशक सरकार ने जयपुर के हेरिटेज को बचाने के लिए लंदन और पेरिस की तरह आला दर्जे के प्रयास कभी नहीं किए, लेकिन देर से ही सही अब चारदीवारी के स्वरूप को बचाने के लिए नए सिरे प्रयास शुरू किए जा रहे हैं। बीते कुछ समय से चल रही कई रंगों वाली बड़ी लो फ्लोर बसों की जगह चारदीवारी में छोटी लो फ्लोर बसें चलाई जाएंगी। सबसे अहम ये कि इनका कलर भी शहर के पिंक कलर से मैच करेगा। रोडवेज की ओर से ये बसें अक्टूबर में शहर की सड़कों पर होंगी। 28 सीटर बसों के आने से बड़ी लो फ्लोर बसों से आ रही परेशानी भी कम हो जाएगी।
उधर नगर निगम ने भी शहर की खूबसूरती बढ़ाने और हेरिटेज को बचाने के लिए पूरी चारदीवारी में एक जैसा ऑरिजनल पिंक कलर कराने की मंशा जाहिर की है। निगम की ओर से इस तरह का प्रपोजल जल्द ही सरकार को भेजने की तैयारी है। इसमें हवामहल के ऑरिजनल कलर के सैंपल इस्तेमाल करते हुए कलर तैयार कराया जाएगा। इस कलर के साथ-साथ जरूरी मरम्मत भी होगी ताकि शहर स्वच्छ और सुंदर नजर आ सके। साथ ही निगम की ओर से शहर की चौपड़ों पर खाली कराए गए खंदों में हेरिटेज लुक वाली सुविधा और दूसरे डवलपमेंट कार्य कराए जाएंगे। निगम की ओर से पूरी चारदीवारी में हेरिटेज लुक वाली रोड लाइट लगाने का कार्य भी अगले कुछ महीने में शुरू हो जाएगा। मेयर ज्योति खंडेलवाल ने बताया कि चारदीवारी में हेरिटेज को बरकरार रखने के साथ एकरूपता लाने के लिए जल्दी पूरे शहर में पिंक कलर कराने का प्रपोजल सरकार को भेजा जाएगा।



